नगर में लाकडाउन के दौरान स्टेशन-चित्तू पांडेय मार्ग से होकर अपने गंतव्य को जाते राहगीर।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शहर समेत आसपास के पंद्रह इलाकों में लाकडाउन की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार की शाम लोग किराने का सामान खरीदने के लिए बाजार में उमड़ पड़े। शराब और बीयर की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ गई।
शहर व आसपास के क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर लगातार मरीज बढ़ने और दो लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार को प्रशासन ने जैसे ही दस जुलाई तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की, वैसे ही दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ गई। देखते ही देखते सामानों का रेट भी दुकानदारों ने बढ़ा दिया। उधर, शराब और बीयर की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ गई। किसी ने पूरी पेटी खरीदी तो किसी ने चार से छह बोतल खरीद कर एडवांस में रख लिया। बड़ी संख्या में लोग किराने का सामान और सब्जी लेने के लिए बाजार में उमड़ पड़े। इसका फायदा उठाते हुए साग सब्जी एवं किराना व्यापारियों ने मनमाने तरीके से सामानों व हरी सब्जियों को बेचा। आलम यह रहा कि आलू 25 रुपये के बजाय 30 रुपये प्रति किलो बिका। इसी प्रकार हरी सब्जियां भी मनमाने रेट बिकी। लाकडाउन की घोषणा होते ही दुकानदारों ने प्रत्येक सब्जी के भाव में तीन से पांच रुपये की प्रतिकिलो की दर से वृद्धि कर दी।