बलिया। दिन में धूप व रात में तापमान में नरमी से लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को ओपीडी में 1230 मरीज आए। फिजिशियन विभाग, चेस्ट रोग विभाग में मरीजों की कतार लगी रही। बाल रोग ओपीडी में भी भीड़ थी। बच्चों को सर्दी के बाद सीने की जकड़न परेशान कर रही है। आमतौर पर वायरल बुखार पांच-सात दिन में ठीक हो जाता है, लेकिन इस बार सर्दी-जुकाम होने के बाद खांसी 15 से 20 दिन तक परेशान कर रही है। इससे फेफड़ा कमजोर हो जा रहा है। चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरके झा ने बताया कि ठंड के आगमन हो रहा है। इस मौसम में सिर, गला व नाक मुंह को ढक कर घर से निकले। सर्दी जुकाम में मेडिकल स्टोर से दवा खाने से बचे, चिकित्सक की सलाह पर दवा का सेवन करे।
डॉक्टर रितेश सोनी ने बताया कि इन दिनों बुखार के रोगी बढ़े हैं। अधिकतर पीड़ितों में बुखार के साथ वैक्टिरियल संक्रमण भी हो रहा है। आवाज में बदलाव, लंबे समय तक खराश का बना रहना जैसे लक्षण देखने में आ रहे है। बदलते मौसम में सावधान रहने की जरूरत है।