गुरुवार को जिले के लोग नये साल के जश्न में डूबे रहे। खासकर युवाओं ने रात के बारह बजे से ही मस्ती शुरू कर दी। नगर समेत कई जगहों पर डीजे की धुन पर युवक थिरकते रहे।
सुबह होने पर बड़ों-बुजुर्गों का पांव छूकर आशीर्वाद लिया और दोपहर में पार्कों में मस्ती करने पहुंचे। बहुत से लोगों ने परिवार के साथ पिकनिक मनाया। देर शाम तक पार्कों में लोगों का जमावड़ा रहा तो सिनेमा हाल में सभी शो फुल रहे। गुरुवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश ने मजा थोड़ा किरकिरा किया लेकिन दोपहर में मौसम साफ हो गया।
कुछ क्षेत्रों में नए साल का पहला दिन बारिश से शुरू हुआ। बरसात से हुई। सुबह आंख खुली तो लोगों को लगा कि बारिश के चलते नये साल का जश्न फीका पड़ने वाला है। लेकिन कुछ ही देर में बादलों की अठखेलियां समाप्त हुईं तो भगवान भास्कर ने मौसम को खुशगवार बना दिया।
लोग अपने वाहनों को फूल और गुब्बारे से सजाने के बाद पिकनिक स्थलों की और चल दिए। नगर में जशभन का माहौल रहा। हर तरफ हैप्पी न्यू ईयर की गूंज रही। नगर के सटे जीराबस्ती स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क, बसंतपुर स्थित सुरहा ताल और शहीद स्मारक पर युवकों ने खूब मस्ती की।
दुबहर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नववर्ष की शुरुआत मंगल कामना संदेश से हुई। पूरे दिन लोगों ने एक दूसरे को नए वर्ष की बधाई तथा उपहार देकर मंगलमय वर्ष की कामना की।