सागरपाली क्षेत्र के गंगहरा गांव स्थित एनएम सेंटर भवन वर्ष 2009-10 में बनकर तैयार हो गया लेकिन चार साल बाद भी इसे उपयोग में नहीं लाया गया। इससे यहां के लोगों में नाराजगी है।
इसे लेकर कई बार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया लेकिन नतीजा सिफर रहा है। लोग पूछते रहते हैं कि आखिर कब यहां से स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू होंगी।
बसपा सरकार में वर्ष 2007 में एनएम सेंटर की नींव रखी गई थी। वर्ष 2009-10 में सेंटर मूर्त रूप ले लिया। सबको आशा थी कि अब स्वास्थ्य संबंधित सुविधाएं यहां मुहैया होगी लेकिन अब तक निराशा ही हाथ लगी है।
अब 2015 भी आने को है लेकिन किसी ने भी इस ओर नजर नहीं गड़ाई। चाहे वह सत्ताधारी जनप्रतिनिधि हो या फिर जिले के स्वास्थ्य अधिकारी।
ऐसे में इसे लेकर यहां के लोगों में नाराजगी है। एएनएम सेंटर का संचालन न होने से महिलाओं को यहां से डेढ़ किमी की दूरी तय कर स्वास्थ्य केंद्र या फिर आठ किमी की दूरी तय कर जिला अस्पताल जाना पड़ता है।
क्षेत्र के मंगलदेव सिंह ने कहा कि सेंटर अगर नहीं होता तो बात दूसरी होती।
जब एएनएम सेंटर बनकर तैयार है तो भला उपयोग में क्यों नहीं लाया जा रहा है। मांग किया कि जल्द सेंटर का संचालन किया जाए ताकि यहां की महिलाओं को चिकित्सा के लिए दूर का सफर न तय करना पड़े। क्षेत्र की संगीता देवी, पियरिया देवी, झनमुनिया देवी, सर्वजीत पासवान आदि ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।