बेल्थरारोड। दूसरे राज्यों और महानगरों में काम करने वाले लोगों के घर वापसी का सिलसिला जारी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान लगभग सौ लोग बाहर से नगर में आए हुए हैं, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। लेकिन अधिकांश क्वारंटीन किए गए लोग घर से बाहर खुलेआम घूम रहे हैं। इससे न केवल सरकारी दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ रही हैं, बल्कि होम क्वारंटीन किए गए लोगों के स्वतंत्र विचरण से मोहल्लेवासियों में कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा उत्पन्न हो गया है। कहीं-कहीं होम क्वारंटीन किए गए लोगों को घर से बाहर निकलने पर मोहल्ले वासियों द्वारा मना करने पर तू-तू, मैं-मैं भी हो जाती है। झगड़ा के डर से क्वारंटीन किए गए लोगों से मोहल्ले वासी कुछ कह नहीं पाते और उनके परिवार के मुखिया भी खामोश रहते हैं। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ब्रजेश गुप्ता ने बताया कि होम क्वारंटीन किए गए लोगों के घर के बाहर नोटिस चस्पा कर उन्हें एकांतवास में रहने की हिदायत दी गई है। इसके लिए वार्ड निगरानी समिति द्वारा उनकी निगरानी की जा रही है। मना करने के बावजूद होम क्वारंटीन किए गए लोग यदि नियम की अवहेलना करते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।