स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने रविवार को कहा कि कालाधन वापस लाने और बेरोजगारों को रोजगार देने के नाम पर केंद्र की सत्ता में आई मोदी सरकार ने एक साल पूरा होने के बाद भी वादे पूरे नहीं किए। मोदी सरकार लोगाें को बरगला रही है।
जिला अस्पताल में नवनिर्मित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर जगरन्नाथ सिंह आपातकालीन भवन और पोस्टमार्टम हाउस के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि अब शवों के पोस्टमार्टम के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। अब सारी सुविधाएं जिला अस्पताल कैंपस में मिलेगी। यहां शव, बिसरा रखने से लेकर अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान मंत्री ने जनपद वासियों को जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सालयों में चिकित्सक, कर्मचारियों की कमी दूर करने का आश्वासन दिया।
बताया कि एक्स-रे प्लेट पर्याप्त संख्या में उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश से सौतेला व्यवहार कर रही है। किसानों की रबी और खरीफ की फसल नष्ट हो गई, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से मुआवजा के नाम पर कुछ नहीं मिला। जबकि सूबे की सरकार किसानों को मुआवजा दे रही है। कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा शुरू करने दौरान केंद्र सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई, क्योंकि एंबुलेंस पर समाजवादी लिखा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बिजली के लिए कोयला मांगा, लेकिन उपलब्ध नहीं कराया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक सनातन पांडेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राममंगल यादव, जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, नपा चेयरमैन प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता, जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल, एसपी राजूबाबू सिंह, एडीएम केपी सिंह, एएसपी केसी गोस्वामी, सीएमओ डा. पीके सिंह, सीएमएस डा. पीएन नाडर, सीएमएस डा. विमला सिंह मौजूद रहे। अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी डा. रामविचार पांडेय एवं संचालन जमाल आलम ने किया।