बलिया। जिला अस्पताल में शासन द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क चिकित्सकीय सुविधा का लाभ मरीजों को समय पर नही मिल पा रहा हैं। बेहतर इलाज की आस लेकर दूर दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीज जिम्मेदारों की मनमानी से इलाज व जांच के लिए भटकने को मजबूर है।
जिला अस्पताल में नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए सुबह से लंबी लाइनें लगती हैं। रेडियोलॉजिस्ट के लेट से बैठने व मेडिकोलिगल जांच होने के कारण सिर्फ चंद मरीजों की जांच हो पाती हैं। बाकी वापस लौटने या बाहर जांच कराने को मजबूर है। अस्पताल प्रशासन रोज 20 से 25 जांचे करने का दावा करता हैं। उसके वावजूद रामपुर उदयभान निवासी विद्यावती देवी को चार दिन व दुबहड़ निवासी मनोज तिवारी को दूसरे दिन भी जांच नही हो सका। सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुट जा रही है।
जिला अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट के अभाव के कारण दूसरी मशीन शोपीस बनी हुई है। वही एक्स-रे विभाग में टेक्नीशियन व कर्मचारियों की कमी से दोपहर बाद जांच बंद हो जा रही है। घण्टों लाइन में लगे लोगों की जांच नही हो पा रही है। माले नेता लक्ष्मण यादव ने डीएम का पत्रक देकर अस्तपाल में मौजूद चिकित्सकीय सुविधा का लाभ जरूरतमंदों को दिलाने की मांग की। महिला अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट तैनात करने की मांग कि जिससे महिलाओं की भी अल्ट्रासाउंड की निशुल्क जांच की सुविधा मिल सके। कहा कि आयुष्मान कार्ड शोपीस बना हुआ है।
प्रदेश का अंतिम जिला होने के कारण मेडिकोलिगल वालों की संख्या है। जिसके कारण रोज 20 से 30 अल्ट्रासाउंड जांच हो पाती हैं। मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण अस्पताल में मौजूद दूसरी मशीन के लिए एक और रेडियोलाजिस्ट की मांग शासन से किया गया है। मिलते ही मरीजों को सुविधा मिलने लगेेगी। - डा. दिवाकर सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल