नगर के लोहापट्टी स्थित जूता-चप्प्ल के गोदाम में लगी आग के दौरान जुटी भीड़।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शहीद चौक पर स्थित एक चप्पल-जूते की गोदाम में शनिवार की सुबह पटाखे से निकली चिंगारी से आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने करीब पांच घंटे में आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के शहीद चौक पार्क के समीप स्थित लोहापटृी मोहल्ला में भोला चौधरी के मकान में किराये पर रह रहे जुमन मियां की चप्पल-जूते की गोदाम थी, जिसमें अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया और अगल-बगल की दुकानों को भी अपनी जद में लेने लगी। जूता-चप्पल के गोदाम और उसके शो रूम में लगी आग इतनी विकराल थी कि तीन मंजिला इमारत धू-धू कर जलने लगी। उनमें रखे लाखों रुपये के जूता-चप्पल जल कर राख हो गए। सूचना पर दमकल विभाग भी मौके पहुंच गया। आग लगने के पीछे पटाखे की चिंगारी बताई जा रही है। शहर के मध्य में हुए अग्नि कांड के दौरान जिलाधिकारी श्रीहरिप्रताप शाही ने राहत व बचाव कार्य की कमना संभाल रखी थी। लोगों की मानें तो गोदाम के बाहर खाली कार्टून रखे गए थे। पटाखे की चिंगारी से गत्ते धधक गए। कुछ ही देर में गोदाम के भीतर आग सुलगने लगी। देखते ही देखते द्वितीय व तृतीय मंजिल तक आग पहुंच गई। 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।