बलिया/बैरिया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को बलिया व सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन का जायजा लिया।
स्टेशन पर चल रहे यात्री सुविधा विस्तार व परिचालन संरक्षा कार्यों, विकास कार्यों की प्रगति, सफाई, पेयजल की उपलब्धता देखी। लिफ्ट व प्लेटफाॅर्म संख्या चार के निर्माण का काम धीमा होने का कारण जाना।
उन्होंने अमृत भारत स्टेशन के अन्तर्गत कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कार्य की गुणवत्ता परखी। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के निमित्त वीआईपी रूम, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय स्थित शौचालय चालू नहीं किए जाने पर संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई। प्लेटफाॅर्म पर कोच डिस्प्ले जल्द चालू करने का आश्वासन दिया। पूछताछ केंद्र भी जल्द चालू होने की बात कही। पैदल ऊपरिगामी पुल, प्लेटफॉर्म, सरफेस, यात्री छाजन एवं स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर लगी आरसीसी बेंच, वाटर बूथ, डस्टबिन, पंखे एवं प्रकाश समेत सुंदरीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) कौशलेश सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, इंजीनियर यशवीर सिंह, एनएम यादव, जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार सहित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।