बलिया। ग्रीष्मकालीन व लगन के सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही समर स्पेशल ट्रेनें दो से दस घंटे देरी से चल रही हैं। स्टेशन पर गाड़ियों के इंतजार में यात्री भीषण गर्मी में तप रहे हैं। साथ ही ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री भी समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ट्रेन पकड़ने सुबह पहुंचे यात्री शाम को ट्रेन पहुंची।
रेलवे स्टेशन पर रविवार को 04011 दरभंगा -दिल्ली जंक्शन समर स्पेशल दस घंटे विलंब से छह बजे सुबह की जगह शाम चार बजे पहुंची। ट्रेन के इंतजार में दूर दराज से सुबह में आए यात्री प्लेटफार्म पर लू व गर्मी के बीच इंतजार कर रहे थे। कई लोग परिवार के साथ यात्री विश्रामालय में बैठे रहे। पूछताछ काउंटर पर ट्रेन के लोकेशन की जानकारी के लिए यात्री चक्कर लगाते रहे, वहीं कुछ लोग मोबाइल में लोकेशन देखते नजर आए।
बेलहरी निवासी मंतोष सिंह परिवार के सात सदस्यों के साथ दिल्ली जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। बताया कि घर पर शादी थी। किसी तरह आने के लिए ट्रेन में कन्फर्म टिकट मिला है। वापसी के लिए टिकट सेनानी में 53 वेटिंग था, समर स्पेशल में कन्फर्म टिकट मिला। सुबह छह बजे ट्रेन थी, हमलोग 5.30 बजे तक प्लेटफार्म पहुंच गए थे, ट्रेन ही अब नौ घंटे से अधिक समय से लेट है। इस भीषण गर्मी में प्लेटफार्म पर ठंडा पानी तक नहीं मिल रहा। वाटर कूलर नार्मल पानी आ रहा है। स्टॉल पर बोतल बंद पानी पीकर प्यास बुझा रहे हैं। अन्य लोगों का हाल वहीं रहा।
पंदह निवासी राम सागर राय पत्नी व बच्चों के साथ गाजियाबाद जाना था। ट्रेन लेट होने पर गर्मी को देख स्टेशन के पास एक कमरा लेकर आराम करने चले गए थे। वहीं स्टेशन से गुजरने वाली 14649 जयनगर- अमृतसर तीन घंटे, 14650 अमृतसर- जयनगर एक्सप्रेस सात घंटा, 09526 हापा स्पेशल करीब दो घंटा, 15232 बरौनी एक्सप्रेस दो घंटा विलंब रही। स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह ने कहा कि कुछ रूट पर ब्लॉक के कारण ट्रेनें विलंब से चल रही है। गर्मी को देखते हुए स्टेशन पर लगातार साफ पानी की सप्लाई की जा रही है। यात्री सुविधा का विशेष ध्यान है।