सोमवार को प्रतियोगिता के दौरान मार्च पास्ट करते खिलाड़ी।
- फोटो : ballia
नगर के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के अंतर्गत दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलपति डा. योगेंद्र सिंह ने खेलकूद पताका का झंडारोहण कर किया। इस दौरान दौड़ सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभागियों ने अपना कौशल दिखाया। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। जिसकी सलामी मुख्य अतिथि प्रो. योगेंद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने लिया। प्रो. सिंह ने कहा कि अच्छे जीवन के निर्माण के लिए खेलकूद का महत्व सदैव बना रहता है। इससे जहां हमें मानसिक शांति मिलती है वहीं शरीर भी स्वस्थ रहता है।
उन्होंने प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं से निरंतर आगे बढ़ते रहने की अपील की। एएसपी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि खेलकूद का अनुशासन जीवन में हर क्षण काम आता है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. फूलबदन सिंह ने शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ समाज के अनुशासन के लिए खेलकूद को जरूरी बताया। खेलकूद प्रतियोगिता के 15 सौ मीटर बालक वर्ग की दौड़ में संजय कुमार प्रथम, अभिनंदन यादव द्वितीय, अभिषेक प्रजापति तृतीय स्थान पर रहे। जबकि बालिका वर्ग में अर्चना प्रथम, शुभावती द्वितीय तथा ट्विंकल सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चार सौ मीटर बालक वर्ग के दौड़ में आशुतोष प्रथम, दुर्गेश द्वितीय, कृष्णमोहन तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में अर्चना में प्रथम, अंजली सिंह द्वितीय तथा साधना चौहान को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेता प्रतिभागियों को कुलपति प्रो योगेंद्र सिंह ने मेडल तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. रामकृष्ण उपाध्याय ने किया।