बैरिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन तैयारी में जुटा है। चुनाव में ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्यों के पद के प्रत्याशियों के लिए खर्च की सीमा निर्धारित कर दी गई है। इसके तहत ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार को अधिकतम 75 हजार तथा जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी 1.50 लाख रुपये खर्च कर सकते हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में सरगर्मी बढ़ गई है। उम्मीदवार चुनाव को लेकर तैयारी में लगे हैं। पंचास्थानीय चुनाव कार्यालय तथा ब्लॉक कार्यालयों में भी चुनाव को लेकर कार्य तेज हो गए हैं। सूची तैयार करने के लिए मतदाताओं के नाम कंप्यूटर में फीड किए जा रहे हैं। वहीं जमानत राशि तथा खर्च की सीमा तय कर दी गई है। इसके मद्देनजर ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार के लिए नाम निर्देशन पत्र का मूल्य तीन-तीन हजार तथा जमानत की धनराशि दो-दो हजार रुपये निर्धारित की गई है। इस पद के उम्मीदवार अधिकतम 75 हजार रुपये खर्च कर सकेंगे। जबकि ग्राम पंचायत सदस्य के लिए नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 150 रुपये, जमानत की धनराशि 500 रुपये तथा खर्च की अधिकतम सीमा 10 हजार रुपये तय की गई है। जिला पंचायत सदस्य के लिए नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 500 रुपये तथा जमानत राशि चार हजार रुपये तय की गई है, जबकि खर्च की अधिकतम सीमा 1.50 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी प्रशांत कुमार नायक ने बताया कि चुनाव से संबंधित तैयारी चल रही है। पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव कराया जाएगा।