रामगढ़। गंगा में नहाने के दौरान पैर फिसलने से डूबे बालक की तलाश सोमवार को दिनभर गोताखोरों ने की। शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
बैरिया थाना क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी राजू सिंह की पत्नी रिंकू देवी अपने तीन पुत्रों के साथ रविवार की सुबह गंगा नहाने के लिए गई थी। नहाते समय पैर फिसलने से उनके तीन बच्चे अमन कुमार, अतुल कुमार और सूरज डूब गए। पास ही नहा रही महिलाओं ने दो बच्चों को किसी तरह बचा लिया लेकिन सूरज गंगा की लहरों में समा गया। पीएससी भुल्लनपुर वाराणसी के जवानों ने रविवार की शाम से ही गंगोली घाट पर अपनी नाव के सहारे गंगा नदी में डूबे सूरज कुमार को खोजने का प्रयास किया। देर शाम तक जब सफलता नहीं मिली। सोमवार को सीओ बैरिया उस्मान कुमार नेतृत्व में पहुंचे पीएससी के गोताखोरों ने जाल डालकर डूबे सूरज कुमार को पांच किलोमीटर दूर नौरंगा घाट तक खोजने का प्रयास किया। घटना के बाद परिजन गंगा घाट पर शव मिलने की आस में टकटकी लगाए बैठे हुए थे।