उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के साथ ही सभी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी अपने-अपने मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन बहिष्कार को सफल बनाने में लगे रहे। इस दौरान टाउन इंटर कालेज पर संयुक्त रूप से बैठक कर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रांतीय अध्यक्ष से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की गई।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि बुधवार से सभी संगठन के शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू कर देंगे। शिक्षकाें की बैठक चल रही थी इसी दौरान शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायन सिंह ने दूरभाष के माध्यम से प्रदेश उपाध्यक्ष केपी सिंह को बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी शिक्षक गुटों के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया था, और पांच मांगें मान ली हैं।
इसके उपरांत सभी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने एक जगह एकत्रित होकर चारों मूल्यांकन केंद्रों पर नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में भ्रमण किया। इसके उपरांत टाउन इंटर कालेज पर बैठक हुई। पांडेय गुट के जिलामंत्री अशोक पांडेय ने कहा कि हमारे आंदोलन के चलते ही हमें यह जीत मिली थी।
चेतनारायन गुट के गोपाल सिंह ने कहा कि इसके लिए हम मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। संगठन के कोषाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने चेतनारायण गुट के सभी संगठनों को बधाई देते हुए धरना समाप्त करने की घोषणा की। कहा कि बुधवार को सभी शिक्षक अपने-अपने केंद्र पर जाकर मूल्यांकन कार्य नियत समय पर शुरू करेंगे।
सभा को संबोधित करने वालों में शंभू नाथ सिंह, राधेश्याम पाठक, नागेंद्र सिंह, आत्मानंद सिंह, योगेंद्र सिंह, रामचंद्र जायसवाल, सुनील राय, ब्रजेश सिंह, सत्येंद्र पांडेय, ओमप्रकाश सिंह, डीएन सिंह, अश्वनी कुमार आदि रहे। सभा के अध्यक्ष रमाशंकर सिंह ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताया।