बलिया। नागरिकता कानून से हताश विपक्ष के लोग लोगों में भ्रम फैला रहे हैं। इससे कुछ स्थानों पर हिंसा और अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसी स्थिति में भाजपा के एक सिपाही के रूप में मेरा यह नैतिक कर्तव्य है कि भ्रम को दूर किया जाए। ये बातें भाजपा के पूर्व सांसद भरत सिंह ने लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक भारत के उन लोगों के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी और अमित शाहजी ने लाया है जो दूसरे देशों में प्रताड़ित और अपमानित होते रहे हैं । आजादी के 70 वर्षों बाद भी उनकी नागरिकता पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है। अपने देश के लोग जो पाकिस्तान, बांग्लादेश आदि देशों से आए हैं, उनको भारत का नागरिक घोषित करने का अवसर यह बिल प्रदान करता है। इससे किसी की नागरिकता पर कोई खतरा नहीं होगा जैसा कि इसे कुप्रचारित किया जा रहा है। जनपद बलिया के लोगों के बीच यह संदेश ले जाना चाहता है कि प्रधानमंत्री मोदी व अमित शाह के इन प्रयासों की सराहना करें तथा इसके प्रति जो भी भ्रम है उसे दूर करें। बलिया की जनता के प्रति मेरा समर्पण आज भी है। मेरी नैतिक जिम्मेदारी भी है कि यहां का सौहार्द कायम रहे। साथ ही सम्मानित और प्रबुद्ध नागरिक इस कानून की जरूरतों को समझेंगे।