बेल्थरारोड। सलेमपुर के भाजपा सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा संसद से पारित कराए गए नागरिकता संशोधन कानून का पालन करना हर राज्य सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी होती है और यदि राजस्थान व पश्चिम बंगाल सरकार ने इस कानून के कार्यान्वयन में बाधा खड़ी करने की कोशिश किया तो केंद्र सरकार अपनी शक्ति का प्रयोग करते हुए इस राज्य सरकारों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करेगी । सांसद कुशवाहा ने बुधवार की शाम राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर और भाजपा नेताओं के साथ बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्य ,सुंदरीकरण और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण के उपरांत रेल अधिकारियों से वार्ता किया। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद कुशवाहा ने विपक्षी दलों के रवैए की जमकर आलोचना की।
उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम की आड़ में विपक्षी दलों पर मुसलमानों को बरगलाने और देश का माहौल अशांत करने का आरोप लगाया। उन्होंने जनगणना को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश में पूर्व से चली आ रही व्यवस्था के तहत जनगणना को लर अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना को एनआरसी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को देश में रह रहे मुसलमानों के हितों की चिंता नहीं है ।उनको देश से बढ़कर अपने राजनैतिक अस्तित्व की चिंता है। मोदी सरकार जिस तरह से बिना किसी भेदभाव के तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित कर रही है ,उससे बौखला कर विपक्षी दल दुष्प्रचार कर देश का अमन-चैन बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं । कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब स्पष्ट कर चुके हैं कि एनआरसी लागू करने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है तो फिर इसको लेकर हो-हल्ला करने का क्या औचित्य है।