सरयू नदी में विलीन हुआ बैरिया क्षेत्र के धूपनाथ के डेरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक कमरा।संवा
बैरिया। उत्तरी दियरांचल में सरयू नदी की कटान का कहर लगातार जारी है। कटान की जद में आए वशिष्ठ नगर के 25 से अधिक परिवार अपने आशियाने उजाड़कर सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने की तैयारी में जुट गए हैं।
बुधवार को धूपनाथ के डेरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक कमरा भी सरयू नदी में विलीन हो गया। वहीं वशिष्ठ नगर के दीनानाथ यादव, बच्चा यादव, शुभम, तेजन, हरिकिशुन और मंजू देवी सहित दो दर्जन से अधिक लोगों के मकान कटान के मुहाने पर पहुंच गए हैं।
दीनानाथ यादव और धूपनाथ यादव ने बताया कि झरकटहां से नवकागांव होते हुए चाई छपरा तक करीब 10 किलोमीटर की लंबाई में लगातार कटान हो रहा है। इसकी चपेट में नवकागांव, मांझा, मानगढ़, धूपनाथ का डेरा, वशिष्ठ नगर, गोपालनगर, गोपालनगर टांडी और शिवाल मठिया की बस्तियां प्रभावित हो रही हैं।
वहीं चाई छपरा से बकुलहां तक किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि लगातार नदी में समाहित होती जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं।