रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर-खेजुरी मार्ग से जुड़े जिगनहरा मोड़ पर बुधवार की देर रात आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत में नगर पंचायत रतसर कलां के छतरपुर (छतवां) निवासी सुरेश राजभर (26) पुत्र शिव नारायण राजभर और गड़वार थाना क्षेत्र के ही जिगनी (चंवरी) निवासी बृजेश गौतम (24) पुत्र रामाशंकर गौतम, बबलू गौतम (26) पुत्र बंगाली राम और रागिनी (17) पुत्री बंगाली राम बुरी तरह घायल हो गए।
सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान छतवां निवासी सुरेश राजभर की मौत हो गई। जिगनी निवासी बृजेश गौतम की स्थिति नाजुक देख इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। बबलू गौतम और रागिनी का इलाज जिला चिकित्सालय में ही चल रहा है। मृतक सुरेश राजभर होली की रात परिजनों को बिना बताए ही बाइक से निकला था।
बृहस्पतिवार को तड़के उसकी मौत हो जाने की सूचना परिजनों को मिली तो सभी सन्न रह गए। इधर, जिगनी निवासी बंगाली राम की पुत्री के इलाज के लिए उसे बाइक पर बैठाकर बृजेश व बब्लू रतसर आ रहे थे। जिगनहरा मोड़ पर दोनों बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। सभी बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। निजी साधन से सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया।