बेल्थरारोड/ चौकियामोड़। उभांव थाना क्षेत्र के फरसाटार ग्राम में सोमवार को प्राइवेट लाइनमैन द्वारा विद्युत पोल के तार को ग्रामीणों से खिंचवाने के दौरान हादसा हो गया। अचानक विद्युत तार में आए एचटी करंट से तार खींचने में लगे 14 ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए। इसमें एक किशोर की मौके पर मौत हो गई। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लाइनमैनों पर केस दर्ज किया है।
तार खींचने के कार्य में गांव के युवा व किशोर ही शामिल थे। जबकि प्राइवेट लाइनमैन दूर से ही तार खिंचवा रहे थे। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। किशोर के मौत की खबर से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद लाइनमैन मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सीयर पहुंचाया।
पावर हाउस अवायां से संबद्ध छितौना फीडर से फरसाटार ग्राम में पोल पर तार खींचा जा रहा था। इसमें सत्या कुमार (16), गौतम कुमार (32), प्यारेलाल (33), करन कुमार (18), इंद्रजीत कुमार (24), महातम कुमार (30), गौतम (28), बिधि चंद (30), अमित कुमार (14), जुगुल (26), पिंटू कुमार (26), अमित कुमार (14), प्रिंस कुमार (14), आदित्य कुमार (15) विद्युत कर्मियों के साथ तार खिंचवाने का कार्य कर रहे थे। इस दौरान तार खींचते समय बगल से गुजर रहे एचटी तार से सट गया जिससे तार खींच रहे ग्रामीण एचटी करंट की चपेट में आ गए और सभी गंभीर रूप से झुलस गए। गंभीर रूप से झुलस जाने के चलते सत्या कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने सत्या के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। सूचना पाते ही उप जिलाधिकारी संत कुमार और थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना। वहीं, विद्युत विभाग के अवर अभियंता अवधेश कुमार अस्पताल पहुंच सभी झुलसे लोगों को देखने के बाद मृतक और झुलसे लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं मृतक के पिता बनारसी प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने चार लाइन मैन के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उभांव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है।