जयप्रकाश नगर । बैरिया थाना क्षेत्र के इब्रहिमाबाद नौबरार पंचायत (अठगांवा) में मंगलवार की देर रात बच्चों के विवाद में दो पक्षों में हुई मारपीट में शुक्रवार की रात एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतक के पत्नी मीरा देवी की तहरीर पर कुल चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए एक अभियुक्त की गिरफ्तारी भी पुलिस द्वारा कर ली गई है।
रामेश्वर टोला (अठगावा) में परमानन्द बिंद (40), अपनी पत्नी मीरा देवी (30), बेटी लाली कुमारी (18) के साथ अपने दोनों लड़के नमी (7), रवि (11) के साथ पड़ोसी को उलाहना देने पहुंचे थे। इस दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। उलाहना देने पहुंचे सभी को चोट लगीं। परमानन्द बिंद और उनकी पुत्री लाली कुमारी को छपरा प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था, जहां परमानन्द बिंद (35) की मौत शुक्रवार की रात हो गई थी। मारपीट करने वाले सभी पड़ोसी अपने घरों में ताला बंद कर फरार हो गए थे। मृतक की पत्नी मीरा देवी की तहरीर पर एक महिला समेत कुल चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। एक अभियुक्त रामभजू बिंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ शिवशंकर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी बहुत जल्द कर ली जाएगी।