बलिया। जैसे-जैसे नगर निकाय के नामांकन की तिथि समाप्ति की ओर बढ़ रही वैसे-वैसे उम्मीदवारों में पर्चा दाखिल करने की तेजी आ रही है। रविवार को भाजपा की ओर से भी सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार को सभी अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मॉडल तहसील में तीन निकायों में अध्यक्ष के लिए 17 और सभासद के लिए 60उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नगर पालिकाबलिया में अध्यक्ष पद के लिए मनोज राय हंस निर्दल, ओम प्रकाश खरवार निर्दल, प्रदीप कुमार निर्दल, राजकुमार निर्दल, निशीथ कुमार श्रीवास्तव बसपा, धमेंद्र निर्दल ने अपना नामांकन किया। सभासद पद के लिए 38 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इसके अलावा नगर पंचायत चितबड़ागांव से सुभासपा राजू सिंह और उनकी पत्नी रोहिणी सिंह, बृज कुमार सिंह निर्दल, प्रदीप गुप्ता सपा से पर्चा भरा है। सभासद के लिए चारउम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। नगर पंचायत, रतसड़कलॉ से अध्यक्ष पद के लिए दीप नारायण राजभर बसपा, अजय कुमार सुभासपा, दीनानाथ निर्दल, बृजेश कुमाप गुप्ता आप, नईम निर्दल, सत्यानंद कांग्रेस, कमलावती निर्दल के रुप में पर्चा भरा है। सभासद के लिए 28 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है। नामांकन के दौरान मॉडल तहसील परिसर में सुरक्षा के लिहाज से बड़े पैमाने पर पुलिस स्थानीय अभिसूचना इकाई के लोग मौजूद रहे।
रसड़ा तहसील में रविवार को नगर पालिका रसड़ा के अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन हुए। विनय जायसवाल पुत्र प्रफुल्ल शंकर जयसवाल बसपा से, गोविंद प्रसाद गुप्ता पुत्र स्व. लालू प्रसाद गुप्ता सपा से, लक्ष्मी देवी पत्नी प्रफुल्ल शंकर निर्दल उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भरा। सभासद के लिए 17 उम्मीदवारों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। अध्यक्ष के लिए किसी ने पर्चा नहीं खरीदा। सभासद के लिए एक ने पर्चा की खरीद की। इसके अलावा नवगठित नगरा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए अध्यक्ष पद पर दो नामांकन हुए। सपा से इंदू पत्नी सुशील राव और कांग्रेस से शामली पत्नी रमेश से नामांकन किया। सभासद पद के लिए 19 नामांकन हुए।
बेल्थरारोड में रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की ओर से शबनम परवीन पत्नी शेख एजाजुद्दीन तथा आम आदमी पार्टी की ओर से सीता देवी पत्नी कालिका प्रसाद गुप्ता ने नामांकन पत्र दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन पत्र की बिक्री भी हुई। वहीं, 13 वार्डों में सदस्य के लिए रविवार को रिटर्निंग ऑफीसर राममिलन गोंड के समक्ष 11 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
बांसडीह तहसील में नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन के सातवें दिन रविवार को बांसडीह तहसील में चार नगर पंचायतों बांसडीह, मनियर, सहतवार व रेवती में अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 और सदस्य पद के 41 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। बांसडीह में अध्यक्ष पद के लिए निर्दल प्रत्याशी धीरेन्द्र बहादुर सिंह पुत्र तेज बहादुर सिंह, शीला सिंह पत्नी सुनील सिंह उर्फ बब्लू, अभिषेक मिश्र ने नामांकन किया। सदस्य पद के लिए 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। रेवती में अध्यक्ष पद के सपा से अमित पांडेय व बसपा से सुभाष साहनी ने नामांकन किया। सदस्य पद के 12 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सहतवार में अध्यक्ष पद के लिए निर्दल प्रत्याशी नीतू, विश्वनाथ व अरुण ने नामांकन किया। सदस्य पद के नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया। मनियर में अध्यक्ष पद के लिए निर्दल सुभावती ने नामांकन किया। सदस्य पद के लिए 10 नामांकन हुआ।सिकंदरपुर में रविवार को अध्यक्ष पद के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र खरीदा। सभासद पद के लिए एक भी नामांकन पत्र बिका। शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन दाखिल किए गए इसमें अनिता पत्नी गनेश, शगुफ्ता पत्नी अबु फैयाज अंसारी, विमला पत्नी प्रयाग, प्रयाग पुत्र शिवरतन ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सदस्य पद के लिए 27 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र सहायक निर्वाचन अधिकारी के यहां दाखिल किया।
बैरिया तहसील में रविवार को नगर पंचायत बैरिया के अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष शांति देवी सहित तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया। एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र खरीदा। सभासद के लिए 12 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। तीन प्रत्याशियों ने सभासद पद का प्रपत्र खरीदा। अध्यक्ष पद के लिए शांति देवी पत्नी शिवदयाल वर्मा, अंकिता देवी पत्नी शिव बहादुर वर्मा, लाल झरी देवी पत्नी तुलसी वर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। ममता देवी पत्नी हरि कंचन सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा।