पैरामिलिट्री फोर्स में तैनात जवान का शव आने पर उसके सिकंदरपुर कस्बा के नगरा मोड़ स्थित आवास के सा
- फोटो : BALLIA
सिकंदरपुर (बलिया)। कस्बा के नगरा मोड़ के समीप स्थित एक मकान में सोमवार को एक बेटी की बारात आनी थी। इसे लेकर सुबह-सुबह परिवार के सभी पुरुष सदस्य बारातियों के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। तभी एक गाड़ी आकर दरवाजे पर रुकी और इसके बाद घर में सन्नाटा छा गया। गाड़ी में लड़की के बड़े पिता का पार्थिव शरीर आया था जो पैरामिलिट्री फोर्स के जवान थे। परिवार के आग्रह पर गाजीपुर जिले के नंदगंज से दूल्हे के साथ पांच लोग आए और दिन में ही शादी की रस्में अदा की गईं। इसके बाद एक पिता ने जल्दी-जल्दी बेटी की विदाई की और भाई का फर्ज निभाने के लिए अर्थी को कंधा दिया।
कस्बा के नगरा मोड़ निवासी रविंद्र नाथ पांडेय पुत्र ब्रह्मानंद पांडेय पैरा मिलिट्री फोर्स में जवान थे। उनकी तैनाती भूटान में थी। वहीं अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उनकी यूनिट ने इलाज के लिए हाशिमारा एयरफोर्स अस्पताल पश्चिम बंगाल में भर्ती कराया। वहां जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सकों ने उन्हें दो दिन पहले पटना एम्स के लिए रेफर कर दिया। वहां से पटना एम्स लाते समय जवान की रास्ते में ही मौत हो गई। मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को बीच रास्ते से ही गांव के लिए रवाना कर दिया। गांव में उनके सगे छोटे भाई सुरेंद्रनाथ पांडेय की बेटी माला की शादी सोमवार को ही तय थी।
पत्नी का रोते-रोते था बुरा हाल
बलिया। रविंद्रनाथ पांडेय की पत्नी उर्मिला देवी (50) का रोते-रोते बुरा हाल था। वह बार-बार पति के पार्थिव शरीर के पास जाने का प्रयास कर रही थीं और गांव की महिलाएं उन्हें समझाने में जुटी थीं। दोनों बेटे राजीव कुमार पांडेय (27) व मदन कुमार पांडेय (24) वर्ष के साथ (20) वर्षीय बेटी लक्ष्मी भी लगातार रो रहे थे। उन्हें लोग ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे थे।
सिकंदरपुर कस्बा स्थित नगरा मोड़ निवासी पैरामिलिट्री के जवान मृतक रविंद्र नाथ पांडेय।(फाइल फोटो)- फोटो : BALLIA