बलिया। रेलवे ट्रैक पर साइकिल चलाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करना एक युवक को भारी पड़ गया। ट्यूटर पर मिली शिकायत पर गाजीपुर सिटी आरपीएफ ने युवक को बलिया के चितबड़ागांव थाना के धर्मापुर गांव से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
रेल मंत्री ट्विटर हैंडल पर एक फोटो सहित शिकायत प्राप्त हुई। इसमें एक लड़का कई बार रेलवे लाइन की पतली पटरी के ऊपर साइकिल चलाते हुए वीडियो शूट करा रहा है। उक्त वीडियो को इंस्टाग्राम पर करीब 2 मिलियन व्यूअर मिले थे। वीडियो को राजस्थान निवासी एक युवक ने ट्यूटर के माध्यम से इस तरह के स्टंट को रोकने की शिकायत की। इसे रेल मंत्री ने संज्ञान लेते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर डाल, कार्रवाई का निर्देश दिया। वीडियो व फोटो में रेलवे किलोमीटर 85 लिखा हुआ दिखाई दिया।
गाजीपुर सिटी प्रभारी ने जांच की तो यह स्थान चितबड़ागांव और ताजपुर डेहमा स्टेशन के मध्य का होना पाया गया। आसपास के गांव पहुंचकर जांच पड़ताल की तो उक्त स्टंट करने वाला रजनीश राजभर निवासी धर्मापुर थाना चितबड़ागांव निकला। वह सोशल मीडिया पर पापुलर होने के लिए वीडियो बनाया था। आरपीएफ ने गांव से उसे गिरफ्तार कर उस पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। आरपीएफ की ओर से ग्रामीणों के बीच जन जागरुकता अभियान भी चलाया गया।