चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचवर चट्टी पर शनिवार की देररात घर से खाना खाकर पैदल जा रहे एक वृद्ध को पिकअप ने जोरदार धक्का मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर धक्का मारने के बाद पिकअप भी पलट गई। जिससे उसका चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया , मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने चालक को जिला अस्पताल भेजवाया। सूचना पर पहुंची गड़वार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के सिंहाचवर निवासी बच्चा लाल (54) शनिवार की रात घर से खाना खाकर अपने डेरा पर सोने जा रहे थे। इस दौरान रसड़ा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर छटपटाने लगे, आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक वृद्ध की मौत हो चुकी थी। धक्का मारने के बाद पिकअप वाहन भी सड़क के किनारे पलट गया। जिससे वाहन चालक रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सरदारपुर निवासी शमशेर आलम (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है । मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है वहीं घटना के बाद परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल है।