विकास भवन के सभाकक्ष में दिसंबर के कार्यों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी यशवंत राव की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान खराब प्रगति पर लोनिवि के एक्सईएन, पैक्सपेड एई, आरईएस एई, सीएनडीएस के अधिकारी को फटकारा। स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
श्रम विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित होने पर अधिकारी समेत विभाग के सभी कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया। पीसीएफ के अधिकारी के अनुपस्थित होने पर नाराजगी जाहिर की। धान खरीद में खराब प्रगति पर डिप्टी आरएमओ का वेतन रोकने का आदेश दिया।
कहा कि ये अक्सर गायब रहते हैं, इनका पता लगाया जाए कि ये कहां रहते हैं? इसी क्रम में जिला गन्ना अधिकारी के लगातार अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त को पत्र लिखने को कहा।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग के समीक्षा के दौरान लोहिया गांवाें का संपर्क मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाया। एक्सईएन अहमद हसन को फटकार लगाई और स्पष्टीकरण देने को कहा।
आंगनबाड़ी केंद्राें का निर्माण अभी तक शुरू नहीं होने पर पैक्सपेड के एई से भी स्पष्टीकरण मांगा तथा एमडी को पत्र लिखने को कहा। आरईएस विभाग द्वारा अनुरक्षण मद से बनाई जा रही सड़क का निर्माण नहीं कराने पर एई को निर्देश दिया कि संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर अवगत कराएं।
शौचालय निर्माण में वित्तीय धन के सापेक्ष अधिक लक्ष्य रखने पर डीपीआरओ बालेशधर त्रिपाठी को फटकारा। कहा कि बजट के हिसाब से लक्ष्य रखें। एमडीएम के कोआर्डिनेटर की संविदा समाप्त करने के संबंध में सीडीओ के बालाजी को पत्र लिखने को कहा।
कब्रिस्तान की बाउंड्री का निर्माण नहीं शुरू किए जाने पर संबंधित इंजीनियर को फटकार लगाते हुए कार्य शुरू करने के साथ ही ब्लाक के नोडल अधिकारियों से भौतिक सत्यापन करने को कहा। राजकीय विद्यालयाें के निर्माण में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 25 जनवरी तक हरहाल में हैंडओवर करने का निर्देश कार्यदाई संस्था को दिया। महिला चिकित्सालय में हो रहे निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। इस मौके पर सीडीओ के बालाजी, पीडी प्रमोद कुमार यादव, उप कृषि निदेशक टीपी शाही, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, डीडी सिंह, एके पांडेय अधिकारी मौजूद रहे।