गोपालनगर टाड़ी में कटान रोधी कार्य का निरीक्षण करते बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। उतरी दियरांचल के गोपालनगर टाड़ी पर सरयू नदी में अचानक कटान तेज होने से जिओ बैग विधि से कराए गए कटानरोधी कार्य करीब 50 फुट लम्बाई व 10 फुट चौड़ाई में सरयू नदी में समा गया। मामले में बुधवार को बाढ़ खोड के अधिशासी अभियंता संजय मिश्र निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान एक्सईन श्री मिश्र ने कहा कि बाढ़ खंड के सहायक अभियंता अमृतलाल व अवर अभियंता रजनीकांत राय मंगलवार को मौके पर पहुंचकर काफी हद तक डैमेज कन्ट्रोल करने में सफलता हासिल कर लिया है।जहां भी जिओ बैग कार्य सरयू नदी में समा चुका था वहां पर बम्बूक्रेट में ईंट की बोरियों डालकर स्लोप पर लगाया गया है। इससे काफी हद तक डैमेज कंट्रोल हुआ है।
बता दें कि मंगलवार को जिओ कार्य का कुछ हिस्सा सरयू नदी में समा चुका था वहीं कटान रोधी कार्य के बगल में कटान तेज हो गया। जिससे गोपालनगर टाड़ी गांव में अफरा-तफरी मच गई। कटान की सूचना पर मौके पर सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अमृतलाल अपने सहयोगियों के साथ पहुंच कर कटान रोकने को लेकर कार्य कराने में जुट गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अगर जिओ बैग द्वारा कटानरोधी कार्य नहीं हुआ होता तो अब तक पूरा गांव सरयू नदी में विलीन हो गया होता। सरयू नदी की मुख्यधारा है और नदी के निचले स्तर से कटान हो रहा है जिससे कुछ हिस्सा डैमेज हुआ था।