बैरिया। पिछले चार दिनों से बिना पूर्व सूचना के तहसीलदार बैरिया के कार्यालय और न्यायालय में ताला बंद होने के पर उपजिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्र ने इसकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को भेज दी। रिपोर्ट भेजे जाने के बाद भी शुक्रवार को भी मातहतों ने तहसीलदार न्यायालय और कार्यालय में ताला बंद रखा।
तहसीलदार संजय सिंह प्रशासनिक कार्य के लिए उच्च न्यायालय गए हुए थे। वहीं, उनके न रहने पर उनके मातहतों ने बिना सूचना न्यायालय और कार्यालय में ताला बंद कर दिया। इससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को वापस लौटना पड़ा। इस संदर्भ में अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी से शिकायत की। उप जिलाधिकारी ने जाकर निरीक्षण किया। कार्यालय और न्यायालय में ताला बंद होना देख इसकी रिपोर्ट कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेज दी। एसडीएम का कहना है कि तहसीलदार के नहीं रहने पर भी मातहतों को कार्यालय व न्यायालय का ताला खोल कर बैठना चाहिए था। ताला बंद करना जनहित में उचित नहीं है। यह कार्य के प्रति लापरवाही है।