भीमपुरा। देवी-देवताओं का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार की रात आरोपी से पूछताछ करने गांव पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी सहित कई लोगों को हिरासत में लिया है। एसआई अंकित यादव की तहरीर पर आरोपी सन्नी कुमार, उसकी मां सहित 16 नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नौ लोगों को शांतिभंग में जेल भेजा गया है।
दो दिन पूर्व सन्नी कुमार की इंस्टाग्राम आईडी से देवी-देवताओं का एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया गया था। बजरंग दल की ओर से इसकी शिकायत पुलिस से की गई। भीमपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश में जुट गई। पता चला कि वीडियो वायरल करने वाला आरोपी थाना क्षेत्र के भीमपुरा नंबर एक गांव का सन्नी कुमार है। पुलिस सोमवार की रात बस्ती में पहुंची। सन्नी कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। इसके बाद गांव के लोगों ने पुलिस पर लाठी-डंडे के साथ हमला कर दिया। गाड़ी के बोनट पर लाठियां मारने लगे। गाड़ी का साइड मिरर टूट गया। इसकी सूचना संबंधित उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची नगरा व उभांव की पुलिस ने आरोपियों लोगों को हिरासत में ले लिया। भीमपुरा एसओ हितेश कुमार, उभांव एसओ राजेंद्र प्रसाद सिंह व नगरा एसओ दलबल के साथ मौजूद रहे।
इंस्टाग्राम आईडी से सन्नी कुमार ने देवी देवताओं का आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया था। पूछताछ के लिए पुलिस गई तो गांव के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। - हितेश कुमार, थानाध्यक्ष भीमपुरा।