टीडी कालेज के मनोरंजन हाल में सोमवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की और लोगों को शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने नये मतदाताओं को बैज लगाकर एवं माला पहना कर उनका स्वागत किया और रंगीन एपिक (मतदाता फोटो पहचान पत्र) का वितरण किया। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बीएलओ एवं अन्य कर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एडीएम केपी सिंह ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिले से लेकर तहसील स्तर तक नये मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
विवेकानंद सिंह की पार्टी ने मतदाता बनने एवं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़-नाटक प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने नुक्कड़-नाटक पर खुश होकर टीम को दो हजार रुपये दिये और विवेकानंद सिंह को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। कला शिक्षक इफ्तेखार खां द्वारा आयोजित चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का अवलोकन किया और अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम की इस कड़ी में 26 जनवरी तक आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के बारे में भी बताया। उन्होंने ‘हर पंचायत का यही है सपना, खुले में शौचमुक्त गांव हो अपना’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में सीआरओ बी.राम, सीएमओ डॉ.पीके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट बच्चालाल, एसडीएम रामानुज सिंह, समाजसेवी सिकंदर खां सहित तमाम लोग मौजूद थे।
इस मौके पर टीडी कालेज में ही राष्ट्रीय सेवा योजना के तीनों इकाईयों के स्वयं सेवकों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से मतदान करने के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर डॉ. साहेब दूबे, अजय कुमार पाण्डेय, डॉ.सुजीत कुमार वर्मा आदि रहे।नगर पालिका परिसर के सभागार में नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कर्मचारियों एवं सभासदों को शपथ दिलाई।
इस मौके पर अरविंद कुमार सिंह, राधेश्याम सिंह, अलीम खां, प्रमोद सिंह, राकेश श्रीवास्तव, विनोद सिंह, विनय कुमार सिंह सहित दर्जनों सभासद मौजूद रहे।