बलिया। जिले में अब मनरेगा योजना में कार्य करने वाले श्रमिकों की हाजिरी मोबाइल के माध्यम से रोजगार सेवक के द्वारा ऑनलाइन लगाई जाएगी। रोजगार सेवक कार्यस्थल पर भारत सरकार की ओर से निर्धारित पोर्टल पर समय से सभी श्रमिकों की हाजिरी को फीड करेंगे। इससे मनरेगा में हो रही मनमानी पर लगाम लग सकेगी और श्रमिकों को समय से भुगतान भी मिल सकेगा। इस बाबत शासन ने आदेश जारी किया है।
बताया जाता है कि अभी तक मनरेगा श्रमिकों की हाजिरी एक रजिस्टर पर लगाई जाती थी, जिसमें काफी त्रुटियां हो जाती थी। इतना ही नहीं मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों के कार्य के सापेक्ष फीडिंग में लापरवाही भी बरती जाती थी और इसके चलते महीनों तक श्रमिकों को मजदूरी के लिए भटकना पड़ता था। इस तरह की शिकायतों को देखते हुए भारत सरकार की ओर से श्रमिकों के लिए मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम की शुरुआत तो करीब आठ माह पहले की गई लेकिन इसको लेकर अभी भी लापरवाही बरती जा रही थी। सरकार के संज्ञान में यह भी आया कि मनरेगा के तहत हाने वाले कार्य के लिए मस्टर रोल निर्गत होने के बाद मौके पर रोजगार सेवकों द्वारा भरा जाता है। इसके बाद ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधान द्वारा हस्ताक्षरित कर विकास खंड कार्यालय में अपलोड करने व एफटीओ जनरेट करने के लिए जमा किया जाता है। इसके चलते श्रमिकों के भुगतान में काफी विलंब होता है। प्रमुख सचिव ने अब मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम का प्रयोग करने करने का निर्देश तदिया है।
-
कर्मचारियों की मनमानी पर भी लगेगी रोक
बलिया। जिले में मनरेगा कार्यों के लिए विभिन्न स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती संविदा के आधार पर की गई है। मनरेगा के तहत प्रावधान है कि रोजगार सेवकों की ओर से मजदूरों का जॉब कार्ड बनाया जाएगा और उनके कार्यों की डिमांड संबंधित ब्लॉक पर की जाएगी। इसके बाद रोजगार सेवक ही कार्यस्थल पर मजदूरों की हाजिरी लगाएंगे लेकिन अधिकांश कार्यों को मनमानी तरीके से ही निपटाया जाता रहा है। मस्टर रोल भी रोजगार सेवकों को ही प्राप्त कराने का प्रावधान है लेकिन ब्लॉकों से संबंधित सचिव को ही प्राप्त करा दिया जाता है। अब मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम के लागू होने पर इस मनमानी पर रोक लग सकेगी।
-
रोजगार सेवकों का भी कार्य होगा आसान
बलिया। जिले में वर्तमान में कुल 687 रोजगार सेवक कार्यरत हैं। अब यह रोजगार सेवक मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्यों के कार्यस्थल पर मौजूद रहेंगे और मोबाइल के जरिए मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी लगाएंगे। इससे रोजगार सेवकों का कार्य भी आसान हो जाएगा।
-
सरकार की ओर से श्रमिकों को लेकर पूरी मॉनिटरिंग की जा रही है। मनरेगा में कार्य करने वाले श्रमिकों के भुगतान में विलंब न हो इसको लेकर शासन से मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम का प्रयोग करने का निर्देश जारी किया गया है।
- बीएन सिंह, सीडीओ, बलिया