मॉडल रेलवे स्टेशन पर शनिवार को सांसद भरत सिंह ने कोच गाइडेंस, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड सहित टिकट वेंडिंग मशीन का उद्घाटन किया। इस दौरान रेलवे के आलाधिकारियों से रूबरू सांसद ने मॉडल स्टेशन को और आधुनिक बनाने की बात कही।
सांसद भरत सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बलिया रेलवे का कायाकल्प करने के लिए केंद्र कटिबद्ध है। इस दौरान रेल अधिकारियों ने बताया कि एक नंबर प्लेटफार्म को बढ़ाकर 26 कोचों के लिए करने का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही मालगोदाम को और आगे बढ़ाकर इस कार्य को अगस्त 2016 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं 24 कोचों के वाशिंग पिट के लिए कार्य प्रस्तावित हो गया है। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर उपरगामी पुल की स्वीकृति मिल चुकी है।
रेलवे के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसलिए उपरगामी पुल बनाने में थोड़ी सी दिक्कत आ रही है। सांसद ने डीआरएम से दूरभाष पर बात कर जल्द ही रेलवे स्टेशन पर स्टील की कुर्सी व सुंदरीकरण के साथ ही बकुलहा रेलवे स्टेशन को जय प्रभा के नाम पर किए जाने की मांग की। इस मौके पर सीनियर डीसीएम एके सक्सेना, टेलीफोन अभियंता आशुतोष पांडेय आदि रहे।