लालगंज/बैरिया। लोकसभा के चुनाव को शांति से संपन्न कराने को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकारियों की बैठक उप जिलाधिकारी बैरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को देर शाम दोकटी थाना परिसर में हुई।
जिसमें लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों तरफ के आपराधिक प्रवृति के लोगों को नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही चुनाव में प्रलोभन देने, बाहुबल का प्रयोग रोकने, धनबल का प्रयोग रोकने वोट देने के लिए दबाव बनाने वालों को चिह्नित करने पर भी सहमति बनी।
अंतरराज्यीय सीमा से सटे दोनों तरफ के थानों को निर्देशित किया गया कि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जाए। बैठक में उत्तर प्रदेश की तरफ से उप जिलाधिकारी बैरिया सुनील कुमार रहे तो बिहार के तरफ से उपजिलाधिकारी जगदीशपुर रहे। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी बैरिया मुहम्मद उस्मान, बैरिया पुलिस, दोकटी पुलिस बिहार पुलिस के साथ एसडीपीओ सदर एक व सदर 2 उपस्थित रहे।