चितबड़ागांव के नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने जाते पूर्व चेयरमैन बृजकिशोर सिंह।
- फोटो : ballia
नगर निकाय नामांकन के पांचवे दिन रविवार को नामांकन स्थलों पर सन्नाटा ही रहा। हालांकि अवकाश के बावजूद नामांकन प्रक्रिया जारी रही। पांचवें दिन अलग-अलग नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए कुल नौ व सभासद पद के लिए कुल 135 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। बलिया नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को कोईनामांकन नहीं किया गया लेकिन सभासद पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया। चितबड़ागांव नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए ब्रजकुमार ने रविवार को समाजवादी पार्टी से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
बैरिया : नामांकन के पांचवे दिन अध्यक्ष पद के लिए दो पर्चा बिका। खास बात यह है कि अध्यक्ष पद के लिए पांचवें दिन तक एक भी नामांकन नहीं हुआ। सभी प्रमुख दावेदारों ने सोमवार को नामांकन करने का फैसला किया है। जबकि सभासद पद के लिए आठ पर्चो की बिक्री हुई। विभिन्न वार्डो के लिए 20 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
सिकंदरपुर : आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर में नामांकन के पांचवे दिन अध्यक्ष पद के लिए एक भी नामांकन नहीं हुआ। अध्यक्ष पद के लिए रविवार को पांच नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। सभासद पद के लिए 7 पर्चा दाखिल किए गए और 7 ही पर्चे बेचे गए। इस दौरान सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था रही। एसडीएम राजेश कुमार यादव, सीओ त्रयंबक नाथ दुबे, एसओ अनिल चंद तिवारी नामांकन कार्य होने तक मौजूद रहे।
रसड़ा : नामांकन के पांचवे दिन रविवार को नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए एक व सभासद पद के लिए16 सभासद प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सभासद पद के लिए पांच पर्चे की बिक्री हुई। अध्यक्ष पद के लिये शकुन्तला देवी पत्नी बनारसी प्रसाद वर्मा ने नामांकन कर अध्यक्ष पद पर खाता खोला। 25 वार्ड के लिए अब तक सभासद पद के 42 प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया है। अब तक अध्यक्ष पद के 12 पर्चे एवम सभासद के लिये 149 पर्चे की बिक्री हुई है। वही पुलिस व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रही। बेल्थरारोड : नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रविवार को हरिप्रकाश ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सभासद पद के लिए कुल 24 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
बांसडीह : तहसील परिसर में रविवार को बाँसडीह, सहतवार, रेवती व मनियर में अध्यक्ष पद के लिए कुल छह उमीदवारों ने नामांकन किया। इसके अलावा सभासद के लिए कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें नगर पंचायत सहतवार से अध्यक्ष पद के लिए तीन उमीदवार नीतू पत्नी बालेश्वर, फूलमती पत्नी परशुराम व आरती पत्नी अभिषेक ने पर्चा भरा। मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दो उमीदवार शमशुल पुत्र सलाहुद्दीन व वशिष्ठ पुत्र श्यामबिहारी ने अपना नामांकन चुनाव अधिकारी मदन चौरसिया के यहां दाखिल किया। रेवती नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए शांति पत्नी रामेश्वर नाथ तिवारी ने नामांकन किया। बांससडीह में सभासद पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया। मनियर में सभासद के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सहतवार में सभासद पद के लिए सात व रेवती में सभासद पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नामांकन स्थल पर एसडीएम समेत अन्य अधिकारी मौजूद थ्ाे।