बांसडीह-सहतवार मार्ग पर सांकेतिक चिह्न लगाने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करत
बांसडीह। बांसडीह-सहतवार मार्ग पर कोतवाली और तहसील के समीप बने स्पीड ब्रेकर पर कोई सांकेतिक चिह्न न होने के कारण आए दिन दुर्घटना हो रही है। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने स्पीड ब्रेकर के किनारे हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां और गुलाब का फूल लेकर विरोध जताया।
लोगों का कहना है कि इसको लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग को अवगत कराया गया। स्थानीय जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन स्पीड ब्रेकर पर न तो कोई सफेद पट्टी लगाई गई न ही कोई सांकेतिक चिह्न बना।
सड़क पर दो स्थानों पर लगा यह स्पीडब्रेकर दिन प्रतिदिन खतरनाक होता जा रहा है। विशेष रूप से बाइक पर पीछे बैठी महिलाएं आए दिन गिरकर घायल हो जा रही हैं। भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि अधिकारी योगी सरकार की छवि धूमिल करने पर लगे हैं। सरकार को बदनाम कर रहे हैं। इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। मंडल महामंत्री दुर्गेश मिश्रा ने कहा कि स्पीड ब्रेकर पर कई बार ध्यान आकृष्ट कराए जाने के बाद भी लोकनिर्माण विभाग की उदासीनता पर लोगों का गुस्सा कभी भी फूट सकता है। तेजबहादुर रावत, शिवम गुप्ता, अखिलेश तिवारी, आशीष गुप्ता, मनोज चौरसिया, पिंटू गुप्ता, संदीप गोंड, विवेक गुप्ता उपस्थित रहे।