बलिया। पेपर लीक मामला अब डीएम व एसपी स्तर का नहीं रह गया है। यह शासन स्तर तक पहुंच चुका है, जहां से कार्रवाई तय है। मगर इसे मुख्यमंत्री तक सही ढंग से पहुंचाने वाला कोई भी जनप्रतिनिधि जनपद में नहीं है। किसी की हिम्मत नहीं है जो सच बोल सके और पत्रकारों को न्याय दिला सकें। हर जनप्रतिनिधि अपनी कुर्सी बचाने में लगा है। यह बात बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को डीएम कार्यालय पर पत्रकारों का चल रहा क्रमिक अनशन में पहुंच कही।
उन्होंने कहा कि सच का आइना दिखाने वाले निर्दोष तीनों पत्रकारों के रिहाई तक तन, मन व धन से संघर्ष करने को तैयार हूं। जब भी पत्रकार भाई हमें याद करेंगे, मैं तैयार रहूंगा। जब मुझे पता चला कि पत्रकारों के समर्थन में संदीप पांडेय मंगलवार को बलिया आ रहे हैं। उसी दिन जान गया अब निश्चित ही पत्रकार भाइयों को न्याय मिलेगा और वे विजयी होंगे। वर्तमान में कारपोरेट के नोट तथा चोट से आमजन के आवाज को दबाया जा रहा है। लोकतंत्र को बचाने के लिए नोट व चोट दोनों से हम सभी को बचना होगा। साधक संदीप पांडेय द्वारा जैसा भी मार्गदर्शन बताया जाएगा उसमें कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम करूंगा। जैसा कि पांडेयजी ने कहा कि बलिया से लखनऊ तक पदयात्रा या अनिश्वित कालीन अनशन किया जाएगा, हम दोनों में तैयार है। बस आपके आदेश का इंतजार है।