बलिया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद संविदाकर्मियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। संगठन ने शासन को तीन अक्तूबर तक मांगें पूरी करने का समय दिया है।
चेताया कि मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में एक लाख से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों से लेकर जिला चिकित्सालयों तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में कर्मचारी लगातार सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य सेवा संबंधी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।