बलिया। जिले में प्रमुख मार्गों पर ब्लैक स्पाटों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एनएचआई ने फेफना से मऊ तक एनएच-128 बी के प्रमुख ब्लैक स्पाटों को दूर करने पर काम शुरू कर दिया है। इन स्थलों पर
मार्किंग (सड़क चिह्नों), साइनेज, क्रैश बैरियर, रोड स्टड, डेलिनेटर आदि लगाने का कार्य किया जाता है। अभी तक रतनपुरा, एकौनी, रसड़ा व चिलकहर ब्लैक स्पाट को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। इन स्थलों पर आए दिन हादसे होते है, जिसमें लोगों की जान चली जाती है।
प्रशासन की तरफ से इन स्थलों को ब्लैक स्पाट के रूप में चिह्नित किया गया था। एक सप्ताह पूर्व सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने खतरनाक स्थलों पर साइनेज लगाने व तकनीकी दिक्कतों का दूर करने का निर्देश दिया है। एनएचआई गाजीपुर के पीडी अजय सिंह ने बताया कि ब्लैक स्पाटों को दूर करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए साइनेज आदि लगाए जा रहे है।