बांसडीहरोड। नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी सावन मास के तीसरे सोमवार को बाबा बालखंडी नाथ मंदिर में माथा टेकने पहुंचे। इसके बाद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। दावा किया कि 2022 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही बनेंगे। कोविड-19 के कारण सभी शिवालयों को बंद रखने के निर्देश हैं। यह बाबा बालखंडी नाथ मंदिर भी बंद था। नेता प्रतिपक्ष के आने के बाद मंदिर के गेट को खोल दिया गया। उनके जाने के बाद मंदिर के गेट को बंद किया जा रहा था तो श्रद्धालुओं ने इसे रोक दिया। गाइडलाइन का उल्लंघन कर श्रद्धालुओं ने भी मंदिर में दर्शन किए। उधर, पूजा-अर्चन के बाद नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ते ही जा रहे हैं। सपा सरकार में दवा, पढ़ाई, सिंचाई मुफ्त मिला करती थी। इसे भाजपा की सरकार में खत्म कर दिया। आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं का अपमान हो रहा है। महिलाओं का चीरहरण या तो महाभारत में हुआ था या फिर भाजपा सरकार में हो रहा है। इस मौके पर हरेंद्र सिंह, चंद्रशेखर सिंह, मंटू बाबा, सुनील मौर्य, बिहारी पांडेय, अशोक यादव, कृष्ण मोहन यादव, पिंटू यादव आदि रहे। मंदिर के पुजारी संतन गिरी ने कहा कि सोमवार को मंदिर बंद था। नेता प्रतिपक्ष के आने के बाद कुछ लोगों के कहने पर गेट खोला गया। पूजा अर्चना करने के बाद जब नेता प्रतिपक्ष मंदिर से निकले तो श्रद्धालुओं ने कहा कि गेट बंद नहीं होगा। सबके लिए सामान्य अधिकार है। उसके बाद मंदिर का गेट खोल दिया गया। एसओ सुनील कुमार लांबा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। पता किया जा रहा है।