बलिया। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से खूब व्यवस्था की गई। मतदान कर्मियों को ईवीएम आदि को लेकर प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा ईवीएम की जांच का इंतजाम किया गया था। लेकिन गुरुवार को मतदान के दिन इसकी पोल खुल गई। कई बूथों पर ईवीएम की खराबी के कारण मतदान बाधित रहा।
विधानसभा के छठवें चरण में जिले के कुल 2828 बूथों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इसके साथ ही कई बूथों पर ईवीएम की गड़बड़ी सामने आने लगी। भीमपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय बूथ संख्या 228 पर सुबह मतदान शुरू होने के एक घंटे बाद ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान रुक गया। पीठासीन अधिकारी की सूचना पर आधे घंटे बाद पुन: दूसरी मशीन लगाकर मतदान शुरू कराया गया। बांसडीह विधानसभा के डूहीमुसी बूथ संख्या 200 पर सुबह ईवीएम खराब होने से तीन घंटे देर से मतदान शुरू हुआ। वहीं नगर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय बांसडीह नंबर-2 के बूथ संख्या 217 में भी ईवीएम खराब होने से 1.20 घंटे बाद मतदान शुरूहुआ। जयप्रकाश नगर क्षेत्र के कर्ण छपरा गांव के बूथ संख्या 217 पर मतदान शुरू होने के एक घंटा बाद ईवीएम खराब हो गई, इसके चलते यहां भी एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। करमानपुर कम्पोजिट विद्यालय में 243 नंबर बूथ पर ईवीएम खराब होने से 1.15 घंटे विलंब से दूसरी ईवीएम के जरिए मतदान शुरू कराया गया।
रानीगंज समेत कई बूथों पर ईवीएम की खराबी से मतदान कुछ देर के लिए बाधित रहा। बेल्थरारोड विधानसभा के चैनपुर गुलौरा ग्राम स्थित भाग संख्या 16 मतदान केंद्र पर ईवीएम की खराबी से एक घंटा 10 मिनट विलंब से मतदान शुरू हुआ। जयप्रकाश नगर क्षेत्र के अठगावा पंचायत के बूथ संख्या 371 की ईवीएम मशीन के खराब होने से 40 मिनट देर से मतदान प्रारंभ हुआ। शिवपुर दियर नई बस्ती में बूथ संख्या 316 पर ईवीएम के खराब होने से मतदान लगभग आधे घंटे तक प्रभावित रहा। जूनियर हाई स्कूल सुखपुरा बूथ संख्या 154 पर ईवीए की खराबी के कारण मतदान 45 मिनट बाद शुरू हुआ। रसड़ा क्षेत्र के अमर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 159 पर आधा घंटा देर से मतदान शुरू हुआ। बलिया नगर विधान सभा क्षेत्र के रेपुरा के बूथ संख्या 370 व अगरौली के बूथ संख्या 361 पर ईवीएम खराब होने के कारण दोनों जगहों पर आधा घंटा तक मतदान बाधित रहा।