नगरपालिका की लापरवाही लोगों के जान की दुश्मन बनी हुई है। शहर में खुले नाले घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। आए दिन इसमें जानवर व राहगीर गिर कर घायल हो रहे है, उसके बावजूद नगरपालिका लापरवाह बनी हुई है।
मंगलवार को जिला महिला अस्पताल रोड के वरदान नर्सिंगहोम के पास एटीएम के सामने नाले पर ढक्कन नहीं होने से एक किशोरी नाले में गिर गई। उसके साथ की महिलाएं चिल्लाने लगीं। कुछ देर के लिए वहां खलबली मच गई। आसपास के दुकानदार दौड़कर पहुंचे, उन्होंने नाले में गिरी किशोरी को सावधानी पूर्वक बाहर निकाला। वह पूरी तरह कीचड़ में समा गई थी। आसपास के लोगों ने उसे कपड़ा देकर नहलाया। घटना के बाद वह सदमे में हो गई, पास के एक चिकित्सक ने उसका उपचार किया, जिसके बाद वह घर चली गई।
रेवती के श्रीनगर निवासी किशोरी अपने मां के साथ अस्पताल रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार से मिलने आई थी। वहां जाते समय नाले में गिर गई, शुक्र रहा की आसपास के लोगों ने बाहर निकाल दिया, अन्यथा बड़ी घटना हो गई होती।