थोड़ी सी लापरवाही से आए दिन लाइनमैनों की जान चली जा रही है। इसके पीछे नियमों की अनदेखी मानी जा रही है। उपकेंद्रों के आपरेटरों से मोबाइल से शटडाउन लेना लाइनमैनों लिए आम बात हो गई थी, जबकि यह पूरी तरह से निगम के नियमों के खिलाफ है।
इसके बाद भी यह परंपरा में आ गया है, जिससे आपरेटर कार्य के दौरान किसी न किसी दबाव या भूल बस सप्लाई दे देता है। ऐसे में हादसे हो जा रहे हैं। इसे देखते हुए निगम अब शटडाउन के नियमों को सख्ती से पालन करने में जुट गया है।
दुबहड़ विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मी रिंकू यादव निवासी दादा का छपरा की करंट की चपेट में आने से हुई मौत ने निगम की कार्यशैली पर कई सवाल खड़ा कर दिया है। इसको लेकर अधिकारी भी उपकेंद्रों के अधिशासी अभियंता व ऑपरेटरों को सख्ती से निगम के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। जिससे इस तरह के हादसों पर विराम लग सके।
निगम के यह है नियम
-33 केवीए उपकेंद्र पर किसी भी तरह का शटडाउन बिना अवर अभियंता की अनुमति के नहीं दिया जाए। उनके अनुपस्थिति में शटडाउन के विषय में अवगत कराते हुए उसके कोड प्राप्त कर ही शटडाउन दिया जाएगा। शटडाउन का समय रजिस्टर में अंकित किया जाए।
-प्रत्येक उपकेंद्र पर 11 केवीए का सिंगल लाइन डायग्राम लगा हो, जिस पर स्पष्टता के साथ शटडाउन के विषय में समझ कर सही शटडाउन दिया जाए।
-33 केवीए एवं इसके ऊपर के विभव पर कार्य हेतु संबंधित उपखंड अधिकारी की अनुमति अथवा कोड आवश्यक है।
-फीडर का ब्रेकर रैक आउट कर शटडाउन प्लेट लगाया जाना सुनिश्चित हो।
-एसएसओ द्वारा शटडाउन के समय सुरक्षा उपकरण जरूर पहनना है।
-सामान्य स्थिति में मोबाइल से शटडाउन न दिया जाए।
-हाईवोल्टेज पर कार्य करने के पूर्व लाइन को अर्थचेन द्वारा अर्थ किया जाना सुनिश्चित करें।
-शटडाउन कुशल कर्मिक को ही दिया जाय।
सभी उपकेंद्रों को शटडाउन के निगम के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विद्युत दुर्घटना रोकने के लिए नियमों का पालन करना आवश्यक है -लाल सिंह, अधीक्षण अभियंता।
खराबी ठीक करते समय नियमों की अनदेखी से हादसे हो जा रहे है। ऐसे में विद्युत निगम अब शटडाउन के नियमों को सख्ती से पालन कराएगा। इसके लिए जिले के सभी अधिशासी अभियंता व उपकेंद्र आपरेटरों को निर्देश जारी किया गया है। दुबहर क्षेत्र में केबल शिफ्ट करते समय आए अचानक करंट से संविदा कर्मी की मौत हो गई थी। इस घटना को निगम ने गंभीरता से लिया है अब मोबाइल पर किसी तरह से शटडाउन नहीं दिया जाएगा।