बलिया। या देवी सर्वभूतेषु तृष्टि रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नम:...के मंत्र से नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र का घर व मंदिर देवीमय हो गया। भक्तों ने शारदीय नवरात्र के चौथे दिन कूष्मांडा माता का पूजन अर्चन किया। इस दौरान मां के भक्तों ने नारियल, चुनरी, धूप, गुड़हल चढ़ाकर परिवार के सुख-समृद्घि की कामना की। मां के जयकारे एवं घंट-घड़ियाल से मंदिर परिसर सहित पूरा क्षेत्र के देवीमय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजरं महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को नगर के गुदरी बाजार व जापलिनगंज दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, फेफना थाना के कपूरी गांव स्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर पर मां के भक्तों ने पूजन-अर्चन कर मन्नते मांगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के नरहीं थाना के कोरंटाडीह स्थित मंगला भवानी, रसड़ा के काली मंदिर, नीबू कबीरपुर व उचेड़ा स्थित चंडी भवानी, सिकंदरपुर के जल्पा-कल्पा मंदिर, मनियर के बुढ़ऊ बाबा मंदिर व नवका बाबा मंदिर, रेवती के पचरूखा देवी गायघाट मंदिर पर मां के भक्तों ने चुनरी, नारियल, गुड़हल का फूल व प्रसाद चढ़ाकर परिवार के मंगलमय की कामना की।