नगर के टाउन हाल में आयोजित जीएसटी की बैठक को संबोधित करते असिस्टेंट कमिश्नर जयंत सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के टाउन हाल के चलता पुस्तकालय में राष्ट्रीय ई-वे बिल को लेकर व्यापारियों और उद्यमियों के साथ जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान वस्तु एवं सेवाकर विभाग के अधिकारियों ने ई -वे बिल के बारे में व्यापारियों के सवालों का जवाब देकर संतुष्ट किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर केके श्रीवास्तव ने कहा कि एक फरवरी से केंद्रीय ई- वे बिल की व्यवस्था लागू हो जाएगी। इसके लागू होने के बाद जैसे ही आप राष्ट्रीय ई- वे बिल डाउनलोड करेंगे वैसे ही राज्य सरकार की ई-वे बिल की व्यवस्था स्वत: समाप्त हो जाएगी। इसमें व्यापारियों के लिए कई प्रकार की सहूलियतें भी दी गई है। इस मौके पर असिस्टेंट कमिश्नर जयंत कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारियों की सुविधाओं को देखते हुए कई सहूलियतें दी गई है।
नई राष्ट्रीय ई वे बिल में यह भी सुविधा होगी कि अगर पोर्टल से जेनरेट किए गए ई वे बिल को जेनरेशन के 24 घंटे अंदर कैंसिल किया जा सकता है। यदि जेनरेट किए गए ई वे बिल से प्राप्तकर्ता व्यापारी का संबंध नहीं है तो वह उसे 72 घंटे के अंदर रिजेक्ट कर सकता है। व्यापारियों की ओर नए ई- वे बिल को लेकर शंकाओं का समाधान किया गया। व्यापारियों की ओर से ईट भट्ठा संघ के प्रदीप कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, शिववचन वर्मा आदि मौजूद थे।