किशोरी और युवक के बीच प्रेम प्रपंच के मामले में पुलिस ने युवक पर किशोरी से दुराचार और उसकी नानी की हत्या का भी मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले में आरोपी पर किशोरी को भगाने का मुकदमा पहले ही दर्ज किया गया था।
गाजीपुर के कासिमाबाद थानाक्षेत्र की किशोरी अपनी नानी के घर भीमपुरा थानाक्षेत्र के एक गांव में रहती है।
किशोरी को गांव के ही एक दूसरे समुदाय के युवक से प्रेेम हो गया। मंगलवार देरशाम प्रेमी किशोरी की नानी के घर पहुंचा और किशोरी को अपने साथ ले जाने लगा। जब गांव के लोगों ने विरोध किया तो वह भाग गया। फिर नानी ने किशोरी को एक कमरे में बंद कर दिया। किशोरी की जिद पर नानी ने दरवाजा खोल दिया तो वह प्रेमी को बुलाकर उसके साथ चली गई। सूचना पर पुलिस रात में ही दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली आई।
किशोरी की नानी थाने पहुंची और वह नातिन को समझाने का प्रयास कर रही थीं। बात न मानने पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा और सदर अस्पताल मऊ में उनकी मौत हो गई। मौके पर एसपी, रसड़ा सीओ समेत कई थानाध्यक्ष पहुंचे थे। ग्रामीण युवक पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की जिद पर अड़े थे। बुधवार रात में ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। एएसपी केसी गोस्वामी के निर्देश पर युवक पर दुराचार और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।