मनियर। थाना क्षेत्र के महलीपुर गांव निवासी चंदन राजभर के हत्यारोपी अभिमन्यु राजभर को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ी, तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की है। वहीं, सोमवार को घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों रघुनंदन राजभर व साले राजू राजभर निवासी करंबर को चंदपाकड़ अंतर्गत खेजुरी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। तीनों का चालान पुलिस ने कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार गांव की एक लड़की से अभिमन्यु का सपंर्क था, जिसका चंदन विरोध कर रहा था। उससे दूरी बनाने की चेतावनी दी थी। इसको लेकर अभिमन्यु ने बड़े भाई व साले के साथ मिलकर चंदन की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि रविवार की रात घोघा चट्टी से बड़ागांव जाने वाले मार्ग के पास मनियर थाना पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटर साइकिल सवार दिखा।
रुकने का इशारा किया गया लेकिन वह बिना रुके मोटरसाइकिल पीछे मोड़कर भागने लगा। थाना मनियर पुलिस टीम ने पीछा किया तो मोटरसाइकिल सवार ने अपने को घिरता देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी । पूछताछ के उसने अपना नाम अभिमन्यु राजभर निवासी महलीपुर बताया। उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि अपने भाई रघुनंदन और साले राजू राजभर के साथ मिलकर शनिवार की रात में महलीपुर में चंदन राजभर की हत्या की थी। घायल बदमाश को सदर अस्पताल बलिया में पुलिस ने भर्ती कराया है।
चंदन के पिता गणेश की तहरीर पर अभिमन्यु सहित तीनों पर मुकदमा दर्ज है।