नगर के बापू भवन टाउनहाल में सोमवार को शासन के निर्देश पर नगरीय समस्या समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के सभी आला अधिकारी उपस्थित रहे। समस्या समाधान दिवस पर नगर क्षेत्र से कुल 49 मामले सामने आए। इनमें से 12 मामलों का मौके पर निस्तारण करा दिया गया।
इसके अलावा, अतिक्रमण, पेयजल व्यवस्था, विद्युत की खराब आपूर्ति सहित अन्य शिकायतें मिलीं, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र निस्तारण का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया।
समस्या समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने 25 साल पुराने एक प्रकरण का निस्तारण कराया। साथ ही नपा के संबंधित लिपिक को मामला इतने समय तक लंबित रखने पर कड़ी फटकार भी लगाई।
बापू भवन में आयोजित नगरीय समस्या समाधान दिवस में लोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने वार्ड नंबर 11 मुहम्मदपुर और स्टेशन रोड से आर्य समाज रोड के बीच एक-एक हैंडपंप लगाने के लिए जल निगम के एक्सईएन फणींद्र राय और नगर पालिका के ईओ संतोष मिश्र को निर्देश दिया।
घुरहू नारायनपुर में भी एक नया हैंडपंप लगवाने को कहा। विद्युत की खराब आपूर्ति की शिकायत मिलने पर डीएम ने विद्युत विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिया कि जितनी बिजली बाहर से मिलती है, उतने की आपूर्ति जिले में सुनिश्चित की जाए। अधिवक्ता नगर में ट्रांसफार्मर लगवाने संबंधी प्रार्थना पत्र पर डीएम ने 25 केवीए की क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। अतिक्रमण की शिकायत पर ईओ को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
जगदीशपुर निवासी श्रीकृष्ण कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया कि वे 1991 से दूकान में काबिज है और 2014 में भी पैसा जमा किया है। बावजूद इसके नपा दूकान खाली करा रही है। इस पर डीएम ने समस्या का समाधान तुरंत कराने का निर्देश दिया। पानी सप्लाई की शिकायत मिलने पर ईओ को यह भी निर्देश दिया कि बिजली न होने की दशा में ओवरहेड टैंक को जेनरेटर चलाकर भरा जाए।
साथ ही जेनरेटर का लागबुक नियमानुसार अद्यतन रहे और इसका निरीक्षण भी करते रहे। दो वृद्धों ने वृद्धावस्था पेंशन की गुहार लगाई। जिस पर डीएम ने तत्काल फार्म भरवाया और आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राजूबाबू सिंह, नपा चेयरमैन साधना गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट रामसिंह वर्मा, सीओ डीपी सिंह, डीएसओ रामेंद्र यादव, प्रोबेशन अधिकारी एके पांडेय सहित जिले के सभी अधिकारी मौजूद थे।