जनपद के गंगा, घाघरा सहित अन्य नदियों के प्रमुख घाटों पर गुरुवार को मुंडन संस्कार के लिए सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी थी। लोगों ने अपने-अपने बच्चों का हिंदू रीति-रिवाज से मुंडन संस्कार कराया।
इस मौके पर महिलाओं के पारंपरिक गीत तथा गाजे-बाजे से पूरा घाट गुलजार रहा। गुरुवार को मुंडन संस्कार के लिए भीड़ जुटने से नाविकों की चांदी रही। वाहनों की भीड़ से घाट तक आने-जाने वाला मार्ग जाम रहा।
गुरुवार को मुंडन संस्कार के लिए खासकर नगर के शिवरामपुर गंगा घाट, मझौंवा घाट, पचरूखिया घाट, उजियार घाट, ओझवलिया घाट, भरौली सहित अन्य घाटों पर भोर से ही मुंडन संस्कार के लिए भीड़ एकत्रित हो गई। वाहनों के भीड़ तथा बेतरतीब खड़े होने के कारण घाटों तक आने-जाने वाला मार्ग बाधित रहा।
नरहीं संवाददाता के अनुसार : मुंडन संस्कार में उजियार गंगा तट पर गुरुवार को भारी भीड़ रही। सुबह से लेकर दोपहर तक मुंडन संस्कार कराने वालों का जमावड़ा लगा रहा।
नाविक बड़ी संख्या में इस पार से उस पार करते देखे गए। वहीं ब्राह्मण द्वारा विधिवत मुंडन कार्य संपन्न कराया गया। जनपद सहित गाजीपुर के भी लोग गंगा तट पर विभिन्न वाहनों से हजारों की संख्या में पहुंचे, जहां महिलाओं द्वारा गीत गायन के साथ ही मुंडन संस्कार किया गया। मंगला भवानी मंदिर पर भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। भारी संख्या में वाहनों के चलते उजियार घाट पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।