भाजपा सांसद मस्त बनवाएंगे मुलायम सिंह स्मृति भवन
बलिया कचहरी परिसर में अपनी निधि से निर्माण की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
बैरिया (बलिया)। पूर्व रक्षामंत्री व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम पर बलिया कचहरी परिसर में मुलायम सिंह स्मृति भवन का निर्माण भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त अपनी निधि से कराएंगे। मंगलवार को बलिया कचहरी में आयोजित एक कार्यक्रम में यह घोषणा करते हुए मस्त ने कहा कि आजीवन उन्हें मुलायम सिंह यादव का स्नेह प्राप्त होता रहा। उनकी स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सांसद निधि से बलिया कचहरी परिसर में स्मृति भवन बनेगा। जिसमें 25 लाख रुपये की लागत आएगी।
मुलायम सिंह यादव की प्रशंसा करते हुए सांसद ने स्पष्ट किया कि दलगत वंदिशों से ऊपर उठकर मुलायम सिंह यादव ने हमेशा सहयोग व स्नेह दिया। कई अवसरों पर तो उन्होंने अपने दल की लक्ष्मण रेखा को पार कर सदन में भाजपा का समर्थन किया। प्रधानमंत्री को दोबारा आम चुनाव में विजयी होने का आशीर्वाद दिया। मेरा दायित्व है कि बलिया में उनकी याद में एक स्मृति भवन का निर्माण किया जाए।
--------------
हम भी करेंगे सहयोग : अंचल
बैरिया। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के घोषणा की प्रशंसा बैरिया के सपा विधायक जयप्रकाश अंचल ने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता होने के बावजूद हमारे आदर्श मुलायम सिंह यादव की स्मृति में स्मृति भवन के निर्माण का निर्णय सराहनीय है। मुलायम सिंह यादव हम लोगों के सब कुछ थे, हम से जो भी बन पाएगा हम भी करेंगे।