बैरिया। बलिया के सपा सांसद सनातन पांडेय ने शुक्रवार को सरयू नदी के कटान प्रभावित क्षेत्र गोपाल नगर टाड़ी व शिवाल मठिया में चल रहे काटन रोधी कार्यों का मुआयना किया। सांसद ने दोनों कटानरोधी कार्यों के बीच हो रहे कटान स्थल पर जियो ट्यूब विधि से कटान रोकने को कहा।
सांसद ने गोपाल नगर टाड़ी व शिवाल में दोनों जगह 200-200 मीटर जियो ट्यूब विधि से कार्य कराने के लिए कहा। इस क्रम में बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता ने सिर्फ शिवाल में कटान स्थल पर 150 मीटर जियोट्यूब विधि से कार्य कराने का आदेश मातहतों को दिया। सांसद ने कहा हमने तो सदन में गोपालनगर व शिवाल का मामला उठाकर साढ़े तीन किमी काम कराने के लिए कहा था, लेकिन सरकार ने टुकड़े-टुकड़े में काम दिया। इस प्रोजेक्ट से कटान रुकने वाली नहीं है। इसके लिए बड़ा प्रोजेक्ट चाहिए। बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि अंतिम सांस तक दियारे को बचाने का प्रयास करूंगा। इस मौके पर सपा के प्रदेश सचिव संजय मिश्र, बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय मिश्र आदि मौजूद रहे। संवाद