अमृत सरोवर जितना पवित्र नाम है उतना ही पवित्र काम है। जल संरक्षण जीवन संरक्षण है, बिना जल जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समर्पित अमृत सरोवर, जल संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण को गति देना हम सबका दायित्व है। यह उदगार सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने बुधवार को इब्राहिमाबाद में श्रमदान के माध्यम से बनने वाले अमृत सरोवर के कार्य का शुभारंभ के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में अमृत सरोवर का निर्माण कराएं धन की व्यवस्था कराना मेरा दायित्व है। ग्रामीणों के सुझाव पर इब्राहिमाबाद गांव का नाम बदलकर सुदामापुरी करने की घोषणा की। सांसद ने कहा कि राजस्व रिकार्ड में नाम बदलने के लिए ग्राम पंचायत प्रस्ताव पारित कर क्षेत्र पंचायत को भेजें, क्षेत्र पंचायत उचित माध्यम से प्रस्ताव को शासन में भेजें, संसद से मंजूरी मैं दिलवाऊंगा। सांसद ने द्वाबा के पहले विधायक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दहाड़ी धोबी के नाम पर मठ योगीन्द्र गिरी के पास एनएच 31 के बगल में समृति द्वार का निर्माण कराने व इब्राहिमाबाद गांव में एक सत्संग भवन का निर्माण अपने सांसद निधि से कराने की घोषणा की। सांसद ने इब्राहिमाबाद में पौधरोपण किया और सड़क किनारे लगाए गए कूड़ेदानों का लोकार्पण किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख कन्हैया सिंह, खंड विकास अधिकारी, प्रधान फूलमती देवी, अखिलेश सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, विजय बहादुर सिंह, बबलू सिंह व निर्भय सिंह आदि मौजूद रहे।
लंपी रोग टीकाकरण वाहन को किया रवाना
पशुओं में लंपी रोग के रोकथाम के लिए पशुओं में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सांसद ने बुधवार को बैरिया तहसील परिसर में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित समारोह में किया। सांसद ने पशुपालन विभाग के टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
कहा कि देश के पश्चिमी हिस्सों के पशुओं में लंपी रोग महामारी की तरह फैला हुआ है। जिले में पशु इस रोग के शिकार न हो इसलिए युद्धस्तर पर टीकाकरण होना चाहिए। इस दौरान एसडीएम आत्रेय मिश्र, नायब तहसीलदार अजय सिंह, जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ एमपी सिंह, डॉ रामजी यादव, डॉ अल्तमस रजी, डॉ केपी नारायण आदि रहे।